दून अस्पताल के बाहर फायरिंग, युवक गंभीर रूप से घायल। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस




देहरादून। राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने दूसरे पर फायर झोंक दिया।
गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को तत्काल दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
चाय पीने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात राजपुर क्षेत्र के कैनाल रोड स्थित कैंटीन के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आयुष्मान कौशिक निवासी रायपुर, दिशांत सिंह राणा और माही निवासी राजपुर रोड अपने इलाज के लिए दून अस्पताल आए थे।
कुछ देर के लिए ये लोग अस्पताल के बाहर चाय पीने पहुंचे, तभी वहां नृपेंद्र धामा निवासी बागपत और रोहन नामक युवक भी पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद फिर से भड़क उठा, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया।
गोली लगने से दिशांत सिंह घायल
विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से 24 वर्षीय दिशांत सिंह राणा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



