दून में दो बांग्लादेशी युवतियां गिरफ्तार। डिपोर्ट की तैयारी
रिपोर्ट – अमित भट्ट
देहरादून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी युवतियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस, एलआईयू और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सघन चैकिंग एवं सत्यापन अभियान के दौरान की गई।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, पूजा विहार, चंद्रबनी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों महिलाएं पकड़ी गईं। गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे बांग्लादेश की नागरिक हैं और पश्चिम बंगाल बॉर्डर से अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल हुई थीं। तलाशी में उनके पास से बांग्लादेशी परिचय पत्र और परिवार रजिस्टर भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार महिलाएं
- यासमीन, पुत्री मोहम्मद तोहिद मियां, निवासी शहीद मियां कॉलोनी, ग्राम/गली तेर रतन, पोस्ट सिलहट सदर, सिलहट नगर निगम, सिलहट, बांग्लादेश।
- राशिदा बेगम, पुत्री मोहम्मद उल्ला, निवासी ग्राम रामों, थाना व जिला चटग्राम, बांग्लादेश।
दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और नियमानुसार उन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।
पुलिस की सख्ती
एसएसपी अजय सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में अवैध घुसपैठियों, फर्जी बाबाओं और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाना होगा।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत पहले भी देहरादून से 5 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर डिपोर्ट किया गया था, जबकि 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस का संदेश स्पष्ट
पुलिस का कहना है कि ऐसे सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे और प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



