MP में ट्रेनिंग के दौरान उत्तराखंड का एक जवान शहीद, क्षेत्र में शोक की लहर
देहरादून। नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में तहसील गजा के ग्राम कंडारी गांव (पोखरी क्वीली) के विजय सिंह गुसाईं 23 जून को भोपाल मध्यप्रदेश में एक ट्रेनिंग हादसे में शहीद हो गए हैं। विजय सिंह गुसांई 7 वीं गढ़वाल राइफल में हवलदार थे।
विजय सिंह गुसाईं के शहीद होने का समाचार जैसे ही परिजनों व गांव के लोगों को मिला, जिसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। सैनिक का पार्थिव शरीर भोपाल से दिल्ली लाया गया।
25 जून को सुबह विजय सिंह गुसाईं का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए कंडारी गांव में उनके घर लाया जायेगा। यहां से पार्थिव शरीर को पैतृक कोटेश्वर घाट ले जाया जायेगा। जहां पर सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा।
शहीद सैनिक के पिता बेताल सिंह गुसांई का निधन पहले ही हो चुका है। उनके परिवार मे माता कमली देवी 74 वर्ष, पत्नी पूजा गुसाई उम्र 33 वर्ष व दो छोटे पुत्र उम्र 7 साल एवं 4 साल के हैं। परिवार मे एक बड़ा भाई व दो बहनें हैंं।
37 वर्षीय शहीद सैनिक विजय सिंह गुसाईं ही परिवार का एक मात्र भरण पोषण का सहारा सहारा थे। शहीद सैनिक के अंतिम दर्शन के लिए निकटवर्ती गांवों के लोग व रिश्तेदार गाँव में पहुंचने शुरू हो गये हैं।