वन दरोगाओं पर जानलेवा हमला। बंदूक, मोबाइल और कारतूस लेकर भागे तस्कर
हल्द्वानी। तराई केंद्रीय वन प्रभाग से बड़ी खबर सामने आई है। यहां बेखौफ वन तस्करों ने भाखड़ा वन रेंज में गश्त कर रहे दो वन दरोगाओं पर जानलेवा हमला करते हुए ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया।
आरोपी तस्कर वन दरोगाओं की बंदूक, मोबाइल और बाइक तोड़कर और छह सरकारी कारतूस भी लूटकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक भाखड़ा रेंज के मनोज कुमार मेलकानी अपने साथी वन दारोगा मोहन सिंह चौहान के साथ लामाचौड़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक वन निगम कटान प्लॉट के गेट नंबर 27 के पास उन्हें दो बाइक और उनके पीछे एक ट्रैक्टर ट्रॉली आती हुई दिखाई दी।
जंगल से एक साथ तीन वाहन आते देखकर शक हुआ तो उन्होंने पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट के पास वाहन रोक लिए। ट्रॉली में बेल से भरे कट्टे लदे थे। दोनों दरोगा कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवकों ने हमला कर दिया। बाइक तोड़ने के साथ ही मोबाइल फोन भी तोड़कर फेंक दिया।
लाठियों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। एक के चेहरे व पैर जबकि दूसरे के भी पैर में चोट आई। दरोगा मोहन सिंह ने अपनी राजकीय बंदूक से गोली चलानी चाही तो उसे छीनकर तोड़ दिया और छह कारतूस निकाल लिए। गेट तोड़कर वे सभी भाग निकले।
किसी तरह सहज होने के बाद दोनों दरोगाओं ने दोबारा से पीछा किया। कुछ दूर आगे ट्रैक्टर खड़ा मिल गया। उसे कब्जे में लेकर आसपास तलाशा किया तो खाली प्लॉट में बेल से भरे कट्टे मिल गए।
दरोगा मनोज कुमार की तहरीर पर मुखानी थाना पुलिस ने सूरज, राजकुमार और उसके भाई संजय, दो सगे भाई युवराज और जोगेंद्र तथा एक अन्य रोहित और उसके भाई राममूर्ति के खिलाफ कई संगीन धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
वन दरोगा मनोज कुमार मेलकानी ने बताया कि चेकिंग के वक्त सभी युवक सामान्य ढंग से खड़े रहे, फिर अचानक से उन्होंने हमला कर दिया। कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। सभी को पहचान लिया गया, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।