शर्मनाक: भाजपा नेता पर नाबालिग संग दुष्कर्म का आरोप। मुकदमा दर्ज

भाजपा नेता पर नाबालिग संग दुष्कर्म का आरोप। मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के सल्ट विकासखंड में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में आरोप भाजपा के मंडल अध्यक्ष भगवत सिंह बोरा पर लगा है।

शुक्रवार को पीड़ित परिजनों ने राजस्व उपनिरीक्षक देवायल के समक्ष लिखित शिकायत दी, जिसमें उन्होंने अपनी नाबालिग बेटी के साथ हुए दुष्कर्म और धमकियों की जानकारी दी।

पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना पिछले शनिवार की है। जब नाबालिग अपने दो भाइयों के साथ बकरी चराने गई थी। इस दौरान आरोपित ने मौके का फायदा उठाते हुए पीड़िता के भाइयों को चॉकलेट देकर दूर भेज दिया और फिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद से आरोपित लगातार पीड़िता के परिजनों को धमकियां दे रहा था ताकि वे शिकायत न करें। लेकिन शुक्रवार को पीड़िता के परिजनों ने हिम्मत जुटाई और राजस्व क्षेत्र देवायल पहुंचे, जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

राजस्व पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में कराया गया है।

SDM सल्ट संजय कुमार ने बताया कि, मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।