विश्व हृदय दिवस पर श्री महंत इंद्रेश अस्पताल
में दिया हृदय रोगों से बचाव का संदेश
देहरादून। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी (हृदय रोग) विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा हृदय रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में दीक्षा और भावना ने संयुक्त रूप से प्रथम, सौरभ ने द्वितीय तथा अरचना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं निदेशक प्रो. डॉ. तनुज भाटिया ने कहा कि हृदय को स्वस्थ बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना और हृदय संबंधी किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करना गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार को भी हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. साहिल महाजन, डॉ. रिचा शर्मा, डॉ. अनामिका और डॉ. मयंक अग्रवाल ने भी हृदय रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ दिनचर्या अपनाने, वजन नियंत्रित रखने और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अस्पताल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग एवं सपोर्ट स्टाफ ने भागीदारी की। इस दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
प्रतिभागियों ने हृदय स्वास्थ्य, संतुलित आहार, हृदय रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर रचनात्मक एवं प्रेरक पोस्टर प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने नियमित व्यायाम, पौष्टिक एवं संतुलित आहार, तनाव प्रबंधन और समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
समापन अवसर पर कार्डियोलॉजी विभाग एवं अस्पताल प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और हृदय स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।



