देहरादून में प्रॉपर्टी फ्रॉड! फ्लैट के नाम पर 20 लाख ऐंठे, फिर मिली जान से मारने की धमकी
देहरादून। राजधानी देहरादून में फ्लैट दिलाने का झांसा देकर नैनीताल निवासी एक महिला से 20 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर ने अलग-अलग किस्तों में रकम लेने के बावजूद न तो फ्लैट का एग्रीमेंट कराया और न ही कब्जा दिलाया।
जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने तथा घर से उठा लेने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भीमताल निवासी प्रीति चंद्रा देहरादून में फ्लैट खरीदना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात धौरण रोड स्थित आस्था प्रॉपर्टीज के संचालक संजय त्यागी से हुई।
आरोप है कि जनवरी 2026 में संजय त्यागी ने धौरण रोड, सहस्त्रधारा रोड और विंडलास रिवर वैली (कुआंवाला) परियोजनाओं में फ्लैट उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
शिकायत के मुताबिक, 17 जनवरी 2026 को फ्लैट बुकिंग के नाम पर तीन लाख रुपये नकद लिए गए। इसके बाद 21 जनवरी को 10 लाख रुपये और 5 फरवरी को सात लाख रुपये जमा कराए गए। इस तरह महिला ने कुल 20 लाख रुपये प्रॉपर्टी डीलर को दे दिए।
महिला का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपी लगातार एग्रीमेंट कराने से बचता रहा। कभी तबीयत खराब होने तो कभी अन्य कारणों का हवाला देकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर टालता रहा। काफी समय बीतने के बावजूद न तो फ्लैट का एग्रीमेंट हुआ और न ही कब्जा दिया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर गाजियाबाद के लोनी से कुछ लोगों को बुलाकर पूरे परिवार को घर से उठा लेने और जान से मारने की धमकी दी।
राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रॉपर्टी डीलर संजय त्यागी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों सहित अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।


