कुमाऊँ में शिक्षा-स्वास्थ्य का विस्तार करेगा SGRR ग्रुप, सरकार ने दिया सहयोग का भरोसा

कुमाऊँ में शिक्षा-स्वास्थ्य का विस्तार करेगा SGRR ग्रुप, सरकार ने दिया सहयोग का भरोसा

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास एवं पर्यावरण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कैबिनेट मंत्री ने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन संस्थानों का लाभ अब कुमाऊँ मंडल के लोगों तक भी व्यापक रूप से पहुंचना चाहिए। उन्होंने एसजीआरआर ग्रुप से कुमाऊँ क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि यदि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल कुमाऊँ मंडल में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करता है तो राज्य सरकार हर स्तर पर आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकें।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप श्री गुरु राम राय जी महाराज की सेवा, शिक्षा और मानव कल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक सरोकारों की गतिविधियां पहुंचाने के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल संस्थानों का विस्तार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार और संवेदनशीलता की भावना पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कैबिनेट मंत्री को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और एसजीआरआर ग्रुप द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य तथा समाजसेवा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी दी।