उत्तराखंड में सियासी संग्राम। कांग्रेस मुख्यालय घेरने निकली भाजपा, बैरिकेडिंग पर रोका गया मार्च
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में गुरुवार को उस समय सियासी तापमान बढ़ गया जब भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का कार्यक्रम शुरू किया।
कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले से की गई बैरिकेडिंग पर रोक दिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी शर्म करो” के नारे लगाए और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
भाजपा का यह प्रदर्शन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए धरने के विरोध में आयोजित किया गया है।
दूसरी ओर, भाजपा के घेराव से पहले ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वीडियो संदेश जारी कर भाजपा के कदम को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों, युवाओं और जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस युवाओं, छात्रों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी तथा बदरीनाथ चढ़ावा चोरी जैसे गंभीर मामलों को मजबूती से उठाती रहेगी।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शांति, संयम और अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी उकसावे में नहीं आने की अपील की। साथ ही प्रशासन से कांग्रेस मुख्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की।
इधर, हरिद्वार में भी राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। चंद्राचार्य चौक से निकले प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई, हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
देहरादून में फिलहाल कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।


