विधायक निधि से बनी सड़क में घालमेल, तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए सीसी सड़क निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र की ओर से गठित संयुक्त जांच टीम ने शिकायत को सही पाया है। जांच में अभिलेखों में दर्ज सड़क की लंबाई और मौके पर मौजूद सड़क की वास्तविक लंबाई में 35.50 मीटर का अंतर मिला है।
यह मामला ग्राम दरगाहपुर निवासी कपिल कुमार की ओर से 23 जून 2025 को की गई शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चन्द्रपाल सैनी के घर से राहुल कुमार सैनी के घर तक विधायक निधि से स्वीकृत सीसी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया और सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने 4 जून 2026 को संयुक्त जांच टीम गठित की, जिसने 30 जून 2026 को अपनी रिपोर्ट सौंपी। जांच में पाया गया कि स्वीकृत स्थल पर सड़क का निर्माण नहीं हुआ, जबकि ग्रामीणों के अनुसार सड़क दूसरी दिशा में बनाई गई।
सबसे गंभीर अनियमितता सड़क की लंबाई में सामने आई। माप पुस्तिका (एमबी) में दो निर्माण कार्यों की कुल लंबाई 205.50 मीटर दर्ज की गई थी, जबकि मौके पर संयुक्त पैमाइश में सड़क की वास्तविक लंबाई केवल 170 मीटर पाई गई। इस प्रकार 35.50 मीटर का अंतर वित्तीय अनियमितता की ओर संकेत करता है।
मामले को गंभीर मानते हुए सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने तत्कालीन प्रभारी खंड विकास अधिकारी पवन सिंह सैनी, तत्कालीन अपर सहायक अभियंता संदीप कुमार तथा तत्कालीन लेखाकार राजीव कुमार त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी कर अभिलेखीय साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण मांगा है।
अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि उन्हें अपने पक्ष में कुछ नहीं कहना है और उनके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

