बड़ी खबर: हरिद्वार छोड़ 12 जिलों में पंचायत उपचुनाव, 15 जुलाई को नामांकन से मतगणना तक पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया

हरिद्वार छोड़ 12 जिलों में पंचायत उपचुनाव, 15 जुलाई को नामांकन से मतगणना तक पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया

  • राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी की अधिसूचना, 8 से 14 जुलाई तक मिलेंगे नामांकन पत्र, 15 जुलाई को एक ही दिन में होगा चुनाव और परिणाम

देहरादून। उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के शेष 12 जिलों में ग्राम पंचायतों के रिक्त उप प्रधान एवं अन्य रिक्त ग्राम पंचायत पदों पर उपचुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दी है।

आयोग के आयुक्त सुशील कुमार द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में संपन्न कराई जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पंचायत राज (सदस्यों, प्रधानों एवं उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994, जो उत्तराखंड में यथावत लागू है, तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होगी। सभी चुनावी कार्यवाही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 जुलाई को संबंधित जिलों के जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रिक्त पदों का विवरण जारी करते हुए चुनाव संबंधी अधिसूचना प्रकाशित करेंगे।

इसकी प्रति राजपत्र (गजट) में प्रकाशित की जाएगी तथा राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेजी जाएगी। साथ ही चुनाव कार्यक्रम की सूचना ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के सूचना पट्टों पर भी चस्पा की जाएगी।

नाम निर्देशन पत्र 8 जुलाई से 14 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों से प्राप्त किए जा सकेंगे। वहीं 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर भी नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे तक प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

मतदान दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी और मतगणना पूरी होते ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि एक ही दिन में संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का उद्देश्य रिक्त पदों पर शीघ्र जनप्रतिनिधियों का चयन सुनिश्चित करना है, ताकि ग्राम पंचायतों का प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।

आयोग ने सभी जिला प्रशासन और चुनाव अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

15 जुलाई का चुनाव कैलेंडर

  • सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक – नामांकन पत्र उपलब्ध
  • सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक – नामांकन दाखिल
  • सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक – नामांकन पत्रों की जांच
  • दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक – नाम वापसी
  • दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक – चुनाव चिह्न आवंटन
  • दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक – मतदान
    शाम 4:00 बजे से – मतगणना एवं परिणाम घोषणा