Weather Alert: उत्तराखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

उत्तराखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में कम समय में तेज से अति तीव्र वर्षा, आकाशीय बिजली और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में नेगल गाड़ पर बना अस्थायी पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे तीजम और उमचिया गांवों का संपर्क टूट गया।

उधर, गंगोत्री हाईवे पर डबरानी और नेताला के पास मलबा और कीचड़ आने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। वहीं यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी के समीप भूस्खलन के कारण करीब पांच घंटे तक आवाजाही ठप रही। बाद में मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारु किया गया।

राजधानी देहरादून में भी सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारों की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले तीन दिनों का मौसम

  • 8 जुलाई: अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
  • 9 जुलाई: मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। कई स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका रहेगी।
  • 10 जुलाई: कुमाऊं मंडल के अधिकांश तथा गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान नदियों, बरसाती नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

विभाग ने कहा है कि बारिश राहत लेकर आती है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।