Weather Alert: पहाड़ों में बारिश, मैदानों में भी राहत। 29 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

पहाड़ों में बारिश, मैदानों में भी राहत। 29 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

Weather Alert। उत्तराखंड में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 24 जून से 29 जून तक अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा

इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ दिनों तक वर्षा दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 24 जून और गुरुवार 25 जून को पूरे प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।

शुक्रवार 26 जून और शनिवार 27 जून को बारिश मुख्य रूप से पर्वतीय क्षेत्रों तक सीमित रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले अपेक्षाकृत शुष्क रह सकते हैं। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

रविवार 28 जून को एक बार फिर मौसम पूरे प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पांच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।

सोमवार 29 जून को भी प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पांच पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय प्रशासन को मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। विशेषकर संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।