क्राइम अपडेट: देहरादून से रुद्रपुर तक पुलिस का शिकंजा, कई इनामी और वांछित आरोपी गिरफ्तार

देहरादून से रुद्रपुर तक पुलिस का शिकंजा, कई इनामी और वांछित आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान के बीच उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं।

बीते दिनों की कार्रवाई में जहां फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया गया, वहीं अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों को दबोचा गया और करोड़ों रुपये की भूमि धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट का सरगना गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी और कूटरचित शस्त्र लाइसेंसों के कारोबार में शामिल मास्टरमाइंड सदानंद शर्मा को रुद्रपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के बैंक खातों में फर्जी लाइसेंसों के कारोबार से करीब 1.70 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ था।

एसटीएफ के अनुसार अब तक इस मामले में 14 अवैध हथियार, 355 जिंदा कारतूस और कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

मामले में नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है और कई नए खुलासे होने की संभावना है।

भुड्डी हत्याकांड से जुड़ा इनामी आरोपी हथियारों सहित गिरफ्तार

उधर देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो देशी तमंचे और कई जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी फरहान बेग ने भुड्डी गांव में हुए चर्चित वकील सोहेल हारून हत्याकांड में इस्तेमाल की गई पिस्टल उपलब्ध कराई थी। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी पर इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने उसे दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड भी दबोचा

राजपुर पुलिस ने एक बुजुर्ग एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री और राजपुर रोड स्थित संपत्ति के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी विशाल कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने संपत्ति बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 6.75 करोड़ रुपये की ठगी की थी। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह और देहरादून पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में अपराध, अवैध हथियारों और संगठित धोखाधड़ी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

फर्जी शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियारों की तस्करी और भूमि धोखाधड़ी जैसे मामलों को कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए कठोर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियारों या संगठित अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस और एसटीएफ के साथ साझा करें, ताकि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।