क्राइम अपडेट: उत्तराखंड में हादसों और अपराध की मार। 4 मौतें, फायरिंग, चोरी और विवाद से हड़कंप

उत्तराखंड में हादसों और अपराध की मार। 4 मौतें, फायरिंग, चोरी और विवाद से हड़कंप

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को सड़क हादसों, आपराधिक घटनाओं और प्रशासनिक विवादों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। उधम सिंह नगर और हरिद्वार में हुए दर्दनाक सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जबकि रुद्रपुर में एक युवक पर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई।

ऋषिकेश में कोतवाली से कुछ कदम दूर मेडिकल स्टोर में चोरी हुई तो हरिद्वार में अवैध मिट्टी उठान को लेकर यूकेडी नेता और जिला खनन अधिकारी आमने-सामने आ गए।

सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

उधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में देर रात ऑटो वाहन डिवाइडर से टकराने पर 46 वर्षीय मजदूर रंजीत विश्वास उर्फ कालू की मौत हो गई। रंजीत अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं।

वहीं हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी टकराने से एक ही परिवार के तीन लोगों वीर सिंह, मंजू देवी और पांच वर्षीय शिवा सिंह की मौत हो गई। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

रुद्रपुर में युवक पर जानलेवा फायरिंग

रुद्रपुर के गावा चौक पर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कथित रूप से दो राउंड फायरिंग की गई। पीड़ित एशप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरथ चौधरी ने उसकी कार पर गोलियां चलाईं। गोलियां कार के शीशों में लगीं, जबकि युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऋषिकेश में मेडिकल स्टोर में चोरी

ऋषिकेश में कोतवाली से लगभग 50 कदम दूर स्थित न्यू कैलाश मेडिकल स्टोर का ताला काटकर चोर करीब 15 हजार रुपये नकद ले उड़े। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

फुटेज में तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं, जिनमें एक युवक दुकान के बाहर सोने का नाटक करता नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

हरिद्वार में मिट्टी उठान को लेकर विवाद

हरिद्वार के मोतीचूर क्षेत्र में नाले की खुदाई से निकली मिट्टी के कथित अवैध उठान को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत और जिला खनन अधिकारी काजिम रजा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।

यूकेडी ने अधिकारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है, जबकि खनन अधिकारी ने आरोपों को निराधार बताते हुए पैमाइश के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर उठे सवाल

एक ही दिन में सामने आई सड़क दुर्घटनाओं, फायरिंग, चोरी और प्रशासनिक विवाद की घटनाओं ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और निगरानी तंत्र को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस और प्रशासन सभी मामलों में जांच का दावा कर रहे हैं, जबकि प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों ने सख्त कार्रवाई तथा बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।