बड़ी खबर: उत्तराखंड में बारिश का कहर। बस हादसे में 13 घायल, मंत्री की कार पर गिरा पत्थर

उत्तराखंड में बारिश का कहर। बस हादसे में 13 घायल, मंत्री की कार पर गिरा पत्थर

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को बदले मौसम के बीच अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं ने प्रशासन और यात्रियों की चिंता बढ़ा दी। उधम सिंह नगर के काशीपुर में देहरादून से हल्द्वानी जा रही रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जबकि पौड़ी जिले में बारिश के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कार पर पहाड़ी से पत्थर गिर गया।

वहीं मसूरी में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

काशीपुर में बड़ा हादसा उस समय टल गया जब देहरादून डिपो की रोडवेज बस संख्या यूके-07 पीए-4512 मंडी समिति के सामने अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

बस में कुल 26 यात्री सवार थे, जिनमें से 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तत्काल राहत कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

प्रारंभिक जांच में चालक को आई झपकी को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
इस बीच, उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश ने भी मुश्किलें बढ़ा दीं।

पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कार पर भी पहाड़ी से पत्थर गिर गया, जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के समय वाहन में उनकी पत्नी और पूर्व मंत्री अमृता रावत भी मौजूद थीं। राहत की बात यह रही कि सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई। सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क पर जमा मलबा हटाया और यातायात को बहाल किया।

उधर, पहाड़ों की रानी मसूरी में भी तेज बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। कंपनी गार्डन के ऊपरी क्षेत्र सहित कई इलाकों में नालों के बंद होने के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया।

कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंस गए तथा कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है। जलभराव के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लंबे समय तक जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग की ओर से लगातार बारिश की संभावना जताए जाने के बीच प्रशासन ने पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के दौरान भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए यात्रा के दौरान सावधानी बेहद जरूरी है।