‘छोटे काफिले’ की बात और 35 गाड़ियों का साथ! भाजपा अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे पर घमासान
देहरादून। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Naveen के उत्तराखंड दौरे की शुरुआत होते ही सियासत गरमा गई है। प्रधानमंत्री की सादगी और छोटे काफिले की अपील का हवाला देने वाली बीजेपी खुद अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के लंबे-चौड़े काफिले को लेकर विपक्ष के निशाने पर आ गई है।
देखें वीडियो:-
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही नितिन नवीन के स्वागत और सुरक्षा में शामिल 35 से अधिक गाड़ियों का काफिला चर्चा का विषय बन गया। काफिले में मुख्यमंत्री, वरिष्ठ नेता और कई पदाधिकारियों की गाड़ियां शामिल थीं। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता भी जुटे नजर आए।
कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को बीजेपी की “कथनी और करनी” का फर्क बताते हुए तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता Garima Dasauni ने कहा कि एक तरफ जनता को पेट्रोल बचाने और सादगी अपनाने का संदेश दिया जाता है, जबकि दूसरी तरफ नेताओं के लिए वीआईपी संस्कृति और लंबा काफिला जारी रहता है।
गरिमा दसौनी ने सवाल उठाया कि अगर प्रधानमंत्री की अपील वास्तव में गंभीर थी तो नेताओं और पदाधिकारियों को सीमित संख्या में वाहन रखने के निर्देश क्यों नहीं दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता अब पूछ रही है कि क्या सादगी सिर्फ आम लोगों के लिए ही है।
हालांकि बीजेपी की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार हमलावर बना हुआ है।
गौरतलब है कि Nitin Naveen तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वे ऋषिकेश में गंगा आरती में शामिल होंगे, साधु-संतों से मुलाकात करेंगे और संगठन व सरकार के कामकाज की समीक्षा बैठकों में हिस्सा लेंगे।

