टिहरी में खाद्य विभाग का एक्शन, चारधाम यात्रा में जाम और साइबर ठगी चुनौती। हल्द्वानी में छात्र की मौत
देहरादून। उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा, कानून व्यवस्था और चारधाम यात्रा प्रबंधन को लेकर प्रशासनिक तंत्र लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। टिहरी गढ़वाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेचने वालों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिठाई दुकान और एक रिजॉर्ट पर जुर्माना लगाया है।
वहीं हल्द्वानी में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। दूसरी ओर चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठगी और भीषण जाम प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
अधोमानक रसगुल्ले बेचने पर स्वीट शॉप पर जुर्माना
टिहरी गढ़वाल के घनसाली स्थित गणेश स्वीट शॉप में बेचे जा रहे रसगुल्ले जांच में अधोमानक पाए जाने पर अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं न्याय निर्णायक अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने प्रतिष्ठान संचालक पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान रसगुल्ले का नमूना लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में मिठाई में स्टार्च की मौजूदगी पाए जाने के बाद नमूने को अधोमानक घोषित किया गया। सुनवाई के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।
धनौल्टी के रिजॉर्ट पर एक लाख रुपये का दंड
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में धनौल्टी क्षेत्र स्थित M/S Haut Monde Hill Stream Resort, कोकियाल गांव पर भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, अस्वच्छ वातावरण, बिना निर्माण एवं समाप्ति तिथि वाली सामग्री और कीटों की मौजूदगी पाई गई।
इसके अलावा होटल प्रबंधन खाद्य लाइसेंस की प्रति भी प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले की सुनवाई के बाद न्याय निर्णायक अधिकारी ने होटल संचालक पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हल्द्वानी में प्रतियोगी छात्र की मौत से परिवार सदमे में
हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र हेमंत परिहार का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के सुनियाकोट निवासी हेमंत अपने ताऊ के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह वह घूमने के बाद कमरे में चला गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया। दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने खिड़की से देखा तो वह फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
केदारनाथ यात्रा में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
रुद्रप्रयाग पुलिस ने केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस के अनुसार अब तक 347 फर्जी फेसबुक पेज, 19 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, 30 फर्जी वेबसाइट और 189 व्हाट्सएप नंबरों को ब्लॉक कराया गया है।
यात्रा के दौरान ठगी की 48 शिकायतें मिलने पर साइबर सेल ने 118 बैंक खातों पर होल्ड लगवाया है। इस मामले में गुप्तकाशी और सोनप्रयाग थानों में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in से ही टिकट बुक करने की अपील की है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर भीषण जाम से श्रद्धालु बेहाल
चारधाम यात्रा मार्गों पर लगातार लग रहे भीषण जाम ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। धारी देवी से बदरीनाथ धाम तक और रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। श्रद्धालुओं को 8 से 10 घंटे तक वाहनों में फंसे रहना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्गों की कमी के कारण हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। गर्मी, उमस और धुएं के बीच छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने दावा किया है कि यातायात को सुचारु करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


