घर के बरामदे में चलीं 11 गोलियां, उत्तराखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की मौत
देहरादून। देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान 49 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे। बताया जा रहा है कि उनकी सर्विस कार्बाइन से एक साथ 11 राउंड फायर हुए।
जानकारी के अनुसार, सुनील सोमवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी समाप्त कर रानीपोखरी के नागाघेर स्थित अपने घर पहुंचे थे।
देर रात करीब साढ़े दस बजे वह घर के बरामदे में मौजूद थे, तभी अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सुनील गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोली लगने से उनकी हालत बेहद गंभीर बताई गई।
सूचना मिलने पर रानीपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक साथ 11 गोलियां चलना मामले को सामान्य नहीं मानने देता, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना से कुछ समय पहले घर में कहासुनी हुई थी। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है।
रानीपोखरी थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल को उनकी ही सर्विस कार्बाइन से गोलियां लगी हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं एसपी देहात जया बलोनी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

