देहरादून में भूमि धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा, पार्षद अमित भंडारी गिरफ्तार
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में पुलिस ने संगठित भूमि धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर-56 धर्मपुर के पार्षद अमित भंडारी उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया है। मामले में इससे पहले पुलिस रैकेट के मास्टरमाइंड प्रदीप सकलानी को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान प्रदीप सकलानी ने अपने कई सहयोगियों के नाम उजागर किए, जिसके बाद गठित स्पेशल टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने महाराष्ट्र निवासी एक बुजुर्ग महिला की देहरादून स्थित भूमि हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला के दोनों बेटों के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा दिए और विवादित जमीन को तीन अलग-अलग व्यक्तियों को बेच डाला। मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 82/26 के तहत जांच आगे बढ़ाई।
जांच में पार्षद अमित भंडारी की संलिप्तता के पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य संदिग्धों, जिनमें हेम भट्ट का नाम भी शामिल है, को फिलहाल पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के चलते भविष्य में जांच में सहयोग करने की हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी को जल्द पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) पर लेकर पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

