बड़ा हादसा: बद्रीनाथ हाईवे पर मैक्स वाहन पलटा। 9 में 8 यात्री घायल, चालक की हालत गंभीर

बदरीनाथ हाईवे पर मैक्स वाहन पलटा। 9 में 8 यात्री घायल, चालक की हालत गंभीर

रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग और श्रीनगर के बीच एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 9 लोगों में से 8 यात्री घायल हो गए, जबकि चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार हादसा रुद्रप्रयाग से करीब चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर हुआ। सुबह लगभग 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और राहत-बचाव दल तुरंत मौके के लिए रवाना किए गए।

स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक वाहन चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन ने पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।