बड़ा हादसा: ऋषिकेश में होटल की लिफ्ट पांचवीं मंजिल से गिरी, 6 पर्यटक घायल

ऋषिकेश में होटल की लिफ्ट पांचवीं मंजिल से गिरी, 6 पर्यटक घायल

देहरादून। ऋषिकेश के वीरभद्र रोड स्थित होटल टस्क में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। होटल की पांचवीं मंजिल से एक लिफ्ट अचानक टूटकर सीधे नीचे आ गिरी, जिससे उसमें सवार छह पर्यटक घायल हो गए।

सभी घायलों को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक पत्रकार भी शामिल बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद से 25 से 30 लोगों का एक पर्यटक दल उत्तराखंड भ्रमण पर आया था। यह समूह हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल घूमने के बाद ऋषिकेश के वीरभद्र रोड स्थित होटल टस्क में ठहरा हुआ था।

गुरुवार रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच समूह के कई सदस्य होटल की पांचवीं मंजिल पर बने रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे।

भोजन के बाद जब 5 से 6 लोग लिफ्ट से नीचे आ रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। हादसे के दौरान लिफ्ट में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में मनोज सूर्यवंशी, वरुण कुमार, रूपेश और चेतन समेत छह लोग घायल हुए हैं। घायलों के अनुसार चेतन के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य लोगों को हाथ और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

पर्यटकों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही एम्स पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

पुलिस ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और लिफ्ट गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।