उत्तराखंड में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड में गर्मी अब और विकराल रूप लेने जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मैदानी जिलों में तापमान लगातार बढ़ने का अनुमान जताया है।
Haridwar, Dehradun और ऊधम सिंह नगर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है, जबकि Nainital समेत कई जिलों में भी गर्म हवाओं का असर साफ दिखाई देगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है।
19 मई से बढ़ेगा गर्मी का असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 मई से पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और Pauri Garhwal में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इसके अलावा Tehri Garhwal, Almora, Champawat और निचले Chamoli क्षेत्रों में भी तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
21-22 मई तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 22 मई तक हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
SEOC ने जारी की एडवाइजरी
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल और बिजली व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
बच्चों और मजदूरों के लिए विशेष सावधानी
विद्यालयों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

