बड़ी खबर: महिला अधिवक्ता का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न, केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज

महिला अधिवक्ता का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न, केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। कोतवाली नगर पुलिस ने एक विशेष रूप से सक्षम (स्पेशली एबल्ड) महिला अधिवक्ता की शिकायत पर केशव थलवाल नामक व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान बढ़ाकर महिला का विश्वास जीता और फिर भावनात्मक दबाव बनाकर आर्थिक मदद ली।

शिकायत के अनुसार महिला अधिवक्ता की पहचान “जागो उत्तराखण्ड” नाम के फेसबुक पेज के जरिए केशव थलवाल से हुई थी। आरोपी खुद को पीड़ित और पुलिस प्रताड़ना का शिकार बताकर सहानुभूति हासिल करता था।

महिला का आरोप है कि उसने अपनी आर्थिक कमजोरी और भावनात्मक संघर्ष का हवाला देकर गूगल पे सहित अन्य माध्यमों से कई बार धनराशि प्राप्त की।

महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने अपमानजनक व्यवहार करते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही उनकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी अपने परिचितों के बीच महिला को अपनी गर्लफ्रेंड बताकर शादी का दबाव बना रहा था।

आरोपी और उसके दोस्तों द्वारा महिला पर लगातार मानसिक दबाव डाला जा रहा था। उन्हें धमकी दी गई कि झूठे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रचारित किए जाएंगे।

महिला अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने आत्महत्या करने और सुसाइड नोट में उनका नाम लिखकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मानसिक उत्पीड़न किया।

पीड़िता के अनुसार 3 मई 2026 को एक अज्ञात नंबर से त्रिलोक नकोटी नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को केशव थलवाल का दोस्त बताया। उसने कहा कि केशव ने आत्महत्या का प्रयास किया है और वह कैलाश अस्पताल में भर्ती है।

फोन करने वाले व्यक्ति ने महिला अधिवक्ता को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोपी से विवाह करने का दबाव बनाया और मना करने पर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी।

महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में मु0अ0सं0-183/2026 के तहत धारा 318(2), 351(3) और 78 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।