बिग ब्रेकिंग: NEET-UG री-एग्जाम की तारीख घोषित, 21 जून को फिर होगी परीक्षा

NEET-UG री-एग्जाम की तारीख घोषित, 21 जून को फिर होगी परीक्षा

नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। National Testing Agency (NTA) ने शुक्रवार को घोषणा की कि NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा अब 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी।

इससे पहले यह परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। अब मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) कर रही है।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को नया रजिस्ट्रेशन या अतिरिक्त फीस नहीं देनी होगी। साथ ही छात्रों को अपने शहर के अनुसार परीक्षा केंद्र दोबारा चुनने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। परीक्षा अवधि भी 15 मिनट बढ़ाकर शाम 5:15 बजे तक कर दी गई है। एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी किए जाएंगे।

इस पूरे मामले को लेकर गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक हुई।

बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE चेयरपर्सन राहुल सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दोबारा परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले साल से NEET परीक्षा OMR शीट की बजाय कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीक और पेपर लीक जैसी चुनौतियों को देखते हुए परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव जरूरी हो गए हैं।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि 7 मई को NTA को शिकायत मिली थी कि कुछ तथाकथित “गेस पेपर” में वही सवाल मौजूद थे, जो वास्तविक प्रश्नपत्र में पूछे गए।

इसके बाद उच्च शिक्षा विभाग ने तत्काल जांच शुरू कर मामले को सरकारी एजेंसियों को सौंप दिया। 12 मई तक यह स्पष्ट हो गया कि प्रश्नपत्र वास्तव में लीक हुआ था, जिसके बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी मेहनती और योग्य छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देगी। पेपर लीक में शामिल शिक्षा माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि NEET-UG देशभर के MBBS, BDS और अन्य मेडिकल अंडरग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इस वर्ष 22.79 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी थी।

परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। फिलहाल सीबीआई इस मामले में संभावित अंदरूनी मिलीभगत और सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।