हरिद्वार, रुद्रपुर, हल्द्वानी समेत कई जिलों में अपराध की बड़ी वारदातें। एक क्लिक में पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में एक तरफ साइबर अपराध और चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस नशा तस्करों और अपराधियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से साइबर ठगी, पुलिस टीम पर हमले, करोड़ों के नशा नेटवर्क, हाईप्रोफाइल चोरी, धार्मिक विवाद और फैक्ट्री कर्मी की मौत जैसे कई सनसनीखेज मामले सामने आए हैं।
हरिद्वार में 15 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी
हरिद्वार के ज्वालापुर और नगर कोतवाली क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने महिलाओं और बुजुर्गों समेत कई लोगों को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली।
ज्वालापुर निवासी विमला देवी, सुशील कुमार गुप्ता, लक्ष्मण दास गुलाटी और दलजीत सिंह के खातों से लाखों रुपये निकाल लिए गए। सबसे बड़ी ठगी दलजीत सिंह के साथ हुई, जिनके खाते से 10.80 लाख रुपये पार कर दिए गए।
वहीं नगर कोतवाली क्षेत्र में गया प्रसाद गैरोला के खाते से भी साढ़े तीन लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमे दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है।
साइबर अपराधियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला
उधम सिंह नगर के दिनेशपुर में साइबर अपराधियों को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने हरियाणा पुलिस के एएसआई प्रेम कुमार को कार के बोनट पर कई किलोमीटर तक घसीटा और बाद में सड़क पर फेंक दिया।
घायल दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कई टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया है। पुलिस का मानना है कि साइबर अपराधियों का नेटवर्क बेहद संगठित और सक्रिय है।
चंपावत में नशा तस्करों की 30 लाख की संपत्ति फ्रीज
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त देवभूमि” अभियान के तहत चंपावत पुलिस ने नशा कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये की अवैध संपत्तियां फ्रीज कर दी हैं।
NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में बैंक खातों में जमा रकम, स्विफ्ट डिजायर और एमजी हेक्टर कार को जब्त करने के आदेश नई दिल्ली स्थित SAFEMA कोर्ट ने जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार 2025 में पकड़ी गई 5.688 किलो एमडी ड्रग मामले की जांच में यह नेटवर्क सामने आया था।
हल्द्वानी में 25 लाख की चोरी का खुलासा
नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी हरिद्वार की सपेरा बस्ती के रहने वाले हैं और नैनीताल घूमने आए थे। रेकी कर उन्होंने बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
हरिद्वार में एटीएम फ्रॉड गिरोह पकड़ा गया
बहादराबाद पुलिस ने एटीएम फ्रॉड करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 17 संदिग्ध एटीएम कार्ड, बिना नंबर प्लेट की बाइक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपी बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को मदद के बहाने ठगी का शिकार बनाते थे।
नैनीताल में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
वीकेंड पर बढ़ते पर्यटक दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर काले शीशों और अवैध मॉडिफिकेशन वाले वाहनों पर कार्रवाई की। कई वाहनों का चालान काटा गया और पुलिस ने साफ किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लालकुआं में फैक्ट्री कर्मी की संदिग्ध मौत
लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत महिला कर्मी रिमझिम की अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत देने की तैयारी शुरू कर दी है।
देहरादून में भजन-कीर्तन को लेकर विवाद, महिला पर हमला
देहरादून के रायपुर क्षेत्र स्थित मंदाकिनी विहार में धार्मिक भजन को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बुटीक संचालिका हेमा ने आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने भजन बंद करने को लेकर विवाद किया और बाद में ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
पुलिस ने सनाया खान, ईशान खान समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

