बड़ी खबर: चारधाम यात्रा में सक्रिय अंतरराज्यीय जेबकतरा गिरोह का पर्दाफाश, 14 लाख के मोबाइल बरामद

चारधाम यात्रा में सक्रिय अंतरराज्यीय जेबकतरा गिरोह का पर्दाफाश, 14 लाख के मोबाइल बरामद

चमोली। चारधाम यात्रा अपने चरम पर है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पवित्र धामों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी भारी भीड़ और आस्था का फायदा उठाने की फिराक में लगे अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह को बदरीनाथ पुलिस और एंटी थेफ्ट स्क्वाड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धर दबोचा है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली बदरीनाथ को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक गिरोह स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में श्रद्धालुओं का ध्यान भटकाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है।

इसी बीच 27 अप्रैल को पौड़ी गढ़वाल निवासी नरेश चंद्र ने अपने दस्तावेज और 10 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में विशेष एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से चार संदिग्धों को चिन्हित कर हनुमान चट्टी के पास घेराबंदी कर दो वाहनों को रोक लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 मोबाइल फोन और 58,860 रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल दो कारों (PB 31 Y 1800 और PB 10 HV 4662) को भी सीज कर दिया गया।

केदारनाथ में चोरी, बदरीनाथ में बनाते थे शिकार

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह केदारनाथ धाम में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और फिर बदरीनाथ में सक्रिय होकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाता था। बरामद मोबाइल में से एक आईफोन के संबंध में थाना सोनप्रयाग में भी मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार (बठिंडा), दीया (बठिंडा), सुनील कुमार (भरतपुर/बठिंडा) और ललित कुमार (अलवर) के रूप में की है।

पुलिस की अपील

चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जिन लोगों के मोबाइल फोन खोए हैं, वे वैध दस्तावेज के साथ थाना सोनप्रयाग या कोतवाली बदरीनाथ में संपर्क कर अपना सामान प्राप्त कर सकते हैं।