Health: ‘साइलेंट डिजीज’ बन रहीं लिवर बीमारियां, मैक्स के डॉक्टरों ने दी समय पर जांच की सलाह

‘साइलेंट डिजीज’ बन रहीं लिवर बीमारियां, मैक्स के डॉक्टरों ने दी समय पर जांच की सलाह

देहरादून। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल देहरादून में ‘विश्व लिवर दिवस’ के अवसर पर एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने लिवर स्वास्थ्य को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

अस्पताल के विशेषज्ञों ने बताया कि आज के समय में फैटी लिवर, हेपेटाइटिस और सिरोसिस जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिनका मुख्य कारण असंतुलित खान-पान, शराब का सेवन, मोटापा और शारीरिक निष्क्रियता है।

इस मौके पर सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और लिवर ट्रांसप्लांट के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मयंक नौटियाल ने कहा कि लिवर से जुड़ी बीमारियां अक्सर शुरुआती चरण में लक्षण नहीं दिखातीं, जिसके कारण मरीज को बीमारी का पता देर से चलता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय-समय पर जांच और स्क्रीनिंग बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि लिवर शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो डिटॉक्सिफिकेशन, पाचन, मेटाबॉलिज्म और पोषक तत्वों के भंडारण जैसे अहम कार्य करता है।

डॉ. नौटियाल के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को लगातार थकान, भूख न लगना, पीलिया, उल्टी या बिना कारण वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

जीवनशैली में बदलाव से बचाव संभव

विशेषज्ञों ने लोगों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, वजन नियंत्रित रखने और शराब व बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचने की सलाह दी।

अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि समय पर जांच, जागरूकता और निवारक उपाय अपनाकर लिवर की गंभीर बीमारियों को काफी हद तक रोका जा सकता है।