एक दिन में कई बड़ी वारदातें, आप भी पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में अपराध और सुरक्षा से जुड़े कई बड़े मामलों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अहम खुलासे किए हैं। एक ओर जहां चमोली में फर्जी आर्मी जवान बनकर युवती को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
वहीं उधम सिंह नगर में करोड़ों रुपये का गांजा पकड़ा गया। दूसरी तरफ रामनगर में फायरिंग, हल्द्वानी में मारपीट और काठगोदाम-अल्मोड़ा में वन्यजीव आतंक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
फर्जी आर्मी जवान बनकर युवती से ठगी, आरोपी गिरफ्तार
चमोली जिले के कर्णप्रयाग में पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने खुद को सेना का जवान बताकर युवती का भरोसा जीता और उसकी निजी फोटो-वीडियो हासिल कर लिए। बाद में इन्हीं के आधार पर धमकाकर उससे 1 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी कुलदीप भंडारी को रुड़की के ढंडेरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
₹2.80 करोड़ का 558 किलो गांजा बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार
उधम सिंह नगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.80 करोड़ रुपये आंकी गई है।
रुद्रपुर में बागवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान एक कैंटर वाहन से सुतली के गट्ठरों में छिपाकर गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि यह खेप ओडिशा से लाई गई थी और उत्तराखंड में सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रामनगर में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक बाल-बाल बचा
रामनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने स्कूटी से आकर युवक पर तमंचे से गोली चलाई, हालांकि युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
हल्द्वानी में महिला-बेटी से मारपीट, CCTV में कैद वारदात
हल्द्वानी के पनचक्की-जमरानी रोड पर स्कूटी सवार महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
काठगोदाम में बाघ का आतंक, अल्मोड़ा में तेंदुआ पिंजरे में कैद
नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज में बाघ एक कुत्ते को उठाकर ले जाता दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लॉक में लंबे समय से आतंक का कारण बने तेंदुए को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। इस क्षेत्र में पहले भी कई हमले हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है।
पुलिस की अपील
चमोली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
इन घटनाओं ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि राज्य में अपराध और सुरक्षा दोनों ही बड़े मुद्दे बने हुए हैं, जिस पर पुलिस लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

