बिग ब्रेकिंग: चलती ट्रेन में 7 लाख की लूट, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हथियारों के बल पर वारदात

चलती ट्रेन में 7 लाख की लूट, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हथियारों के बल पर वारदात

रुद्रपुर। उत्तराखंड से दिल्ली जा रहे दो कर्मचारियों के साथ बुधवार सुबह एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार बदमाशों ने तमंचे और पिस्टल के बल पर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए और चलती ट्रेन से फरार हो गए।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो के कर्मचारी रितिक मंडल और साहिब सिंह दिल्ली ऑटोमोबाइल पार्ट्स खरीदने जा रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से दोनों ने नकदी को कमर में बेल्ट से बांध रखा था।

बताया जा रहा है कि ट्रेन जब उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र के पास धीमी हुई, तभी पहले से डिब्बे में मौजूद तीन बदमाशों ने दोनों को घेर लिया। हथियार दिखाकर धमकाया और नकदी लूट ली।

दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग

लूट के बाद आरोपियों ने यात्रियों में डर फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की, जिससे डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तीनों बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

इनसाइडर’ एंगल की जांच

प्राथमिक जांच में पुलिस को शक है कि बदमाशों को पहले से ही नकदी की जानकारी थी। ऐसे में ‘इनसाइडर इनपुट’ के एंगल से भी जांच की जा रही है।

व्यापारियों में आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर व्यापारियों की भीड़ जुट गई। व्यापार मंडल के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी पीड़ितों से मिलकर घटना की जानकारी ली और सख्त कार्रवाई की मांग की।

जांच तेज, तलाश जारी

पुलिस और RPF ने मामला दर्ज कर लिया है। रामपुर जिले के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।