श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हेल्थ अलर्ट, सरकार ने जारी की विस्तृत एडवाइजरी
देहरादून। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस किया है। स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे के निर्देशों में स्वास्थ्य विभाग ने देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विस्तृत हेल्थ एडवाइजरी जारी की है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को पहले ही कम करना और यात्रियों को जागरूक बनाना है।
राज्यों के साथ समन्वय, राजस्थान से शुरुआत
इसी क्रम में 9 अप्रैल को सहायक निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने राजस्थान का दौरा कर वहां के प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में यात्रा के दौरान संभावित स्वास्थ्य जोखिमों और सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यह भी तय किया गया कि हेल्थ एडवाइजरी को शहरों के साथ-साथ गांव स्तर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यात्रा से पहले तैयार हो सकें।
श्रद्धालुओं को पहले से सतर्क करने पर जोर
सरकार ने खास तौर पर उन राज्यों पर फोकस किया है, जहां से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री चारधाम यात्रा पर आते हैं। एडवाइजरी के जरिए यात्रियों को यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच, दवाइयों की तैयारी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के जोखिमों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर श्रद्धालु को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ऊंचाई और मौसम को लेकर विशेष सावधानी
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को 2700 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों से गुजरना पड़ता है, जहां ऑक्सीजन की कमी, ठंड और मौसम में अचानक बदलाव जैसी चुनौतियां सामने आती हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए बुजुर्गों, हृदय रोगियों और श्वास संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
चारधाम यात्रा हेल्थ एडवाइजरी
- यात्रा से 2–3 सप्ताह पहले पूर्ण मेडिकल चेकअप कराएं
- नियमित दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक साथ रखें
- हृदय, मधुमेह और सांस के मरीज विशेष सावधानी बरतें
- ऊंचाई पर धीरे-धीरे अनुकूलन (Acclimatization) करें
- प्रतिदिन कम से कम 2 लीटर पानी पिएं
- खाली पेट यात्रा न करें
- गर्म कपड़े और जरूरी मेडिकल दस्तावेज साथ रखें
- यात्रा मार्ग पर तैनात मेडिकल टीम से जरूरत पड़ने पर संपर्क करें
- आपात स्थिति में 104 और 108 हेल्पलाइन का उपयोग करें
- धूम्रपान और शराब से परहेज करें
चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने स्वास्थ्य के मोर्चे पर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। एडवाइजरी और राज्यों के साथ समन्वय से यह सुनिश्चित करने की कोशिश है कि श्रद्धालु पूरी तैयारी और जागरूकता के साथ यात्रा करें, जिससे जोखिम कम हो और यात्रा सुखद अनुभव बने।



