सावधान: केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर ठगी, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर ठगी, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है।

हेली टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों पर सख्ती बरतते हुए पिछले दो महीनों में कुल 265 डिजिटल माध्यमों वेबसाइट्स, बैंक खाते, फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट और मोबाइल नंबर पर कार्रवाई की गई है।

यात्रा सीजन से पहले ही सक्रिय हुए साइबर ठग फर्जी वेबसाइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए श्रद्धालुओं को आकर्षक ऑफर देकर जाल में फंसा रहे थे। कई लोग इनके झांसे में आकर आर्थिक नुकसान उठा चुके हैं।

इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर के नेतृत्व में ‘साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स’ का गठन किया गया, जिसने तेजी से ठगों के नेटवर्क पर प्रहार किया।

सोशल मीडिया पर सख्ती

पुलिस द्वारा चिन्हित 111 फेसबुक पेजों में से 106 हटवाए जा चुके हैं, जबकि 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को संदिग्ध गतिविधियों के चलते रिपोर्ट किया गया है। इन सभी की गहन जांच जारी है।

मोबाइल और व्हाट्सएप नेटवर्क पर कार्रवाई

ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 110 मोबाइल नंबरों में से 55 नंबर ब्लॉक कर दिए गए हैं। बाकी नंबरों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है। इनकी जानकारी संबंधित टेलीकॉम कंपनियों और व्हाट्सएप को भी भेजी गई है।

बैंक खातों पर शिकंजा

साइबर ठगी में प्रयुक्त 6 बैंक खातों की जांच में से 1 खाते को डेबिट फ्रीज कर दिया गया है, जबकि अन्य खातों पर कार्रवाई जारी है।

फर्जी वेबसाइट्स पर निगरानी

हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने का दावा करने वाली 22 संदिग्ध वेबसाइट्स की पहचान कर उन्हें डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट किया गया है, ताकि जल्द से जल्द बंद कराया जा सके।

एसपी की अपील

एसपी निहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की एकमात्र अधिकृत वेबसाइट IRCTC HeliYatra Portal है। इसके अलावा किसी भी अन्य वेबसाइट, लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापन के माध्यम से बुकिंग करने से बचें।

उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सावधानियां

  • केवल अधिकृत पोर्टल से ही टिकट बुक करें
  • अनजान लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें
  • सोशल मीडिया विज्ञापनों से सतर्क रहें
  • किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें

केदारनाथ यात्रा से पहले पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ साइबर ठगों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा सुनिश्चित करने की मजबूत पहल भी है।