राष्ट्रपति मुर्मू ने किए राज्यपाल-उपराज्यपालों में बड़े फेरबदल, कई राज्यों में नए चेहरे
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों एवं उपराज्यपालों में व्यापक फेरबदल को मंजूरी दे दी है। इस बदलाव के तहत कुछ राज्यपालों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि कुछ नए चेहरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस क्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के स्थान पर भारतीय सेना के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
वहीं अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। दिल्ली के मौजूदा उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को अब केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लद्दाख के वर्तमान उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में करीब साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद सी. वी. आनंद बोस ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह वर्तमान तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इस फेरबदल को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नई प्रशासनिक दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


