बिग ब्रेकिंग: चारधाम यात्रा 2026 का काउंटडाउन शुरू, 6 मार्च से पंजीकरण और 19 अप्रैल से दर्शन

चारधाम यात्रा 2026 का काउंटडाउन शुरू, 6 मार्च से पंजीकरण और 19 अप्रैल से दर्शन

देहरादून। उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2026 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। राज्य सरकार के अनुसार इस वर्ष यात्रा 19 अप्रैल से अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर शुरू होगी, जबकि श्रद्धालुओं के लिए 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इसके लिए सरकार ने आधिकारिक वेब पोर्टल और मोबाइल एप की सुविधा उपलब्ध कराई है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु आसानी से अपना पंजीकरण करा सकें।

परंपरा के अनुसार 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे, जबकि 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है और यह पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

सरकार ने ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी की है। इसके लिए ऋषिकेश, हरिद्वार और विकासनगर में पंजीकरण केंद्र बनाए जाएंगे, जबकि ऋषिकेश में 30 और विकासनगर में 20 काउंटर चौबीसों घंटे संचालित होंगे।

यात्रा मार्गों पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और परिवहन की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। इस वर्ष यात्रा संचालन के लिए करीब 1,800 बसें चलाई जाएंगी और वाहनों के लिए ट्रिप कार्ड अनिवार्य किया जाएगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।