हादसे, छापेमारी और मारपीट। एक दिन में सामने आई कई बड़ी घटनाएं, आप भी पढ़ें….
देहरादून। होली के त्योहार के बीच उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से अपराध, हादसे और प्रशासनिक कार्रवाई की कई घटनाएं सामने आई हैं। कहीं सड़क हादसे के बाद चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया, तो कहीं दहेज हत्या के मामले में पति को पकड़ा गया।
वहीं मारपीट, छेड़छाड़ और प्रशासनिक छापेमारी जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
हल्द्वानी में मानवता शर्मसार करने वाली घटना का खुलासा:
हल्द्वानी में सड़क दुर्घटना में मृत युवक के वाहन से मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोचा।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल और सोने की अंगूठी बरामद कर ली है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
लक्सर में सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत:
हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में मार्बल पत्थरों से भरा छोटा हाथी वाहन टायर फटने के बाद पलट गया। हादसे में पत्थरों के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीएनजी ट्रकों की टक्कर से टला बड़ा हादसा:
लक्सर–पुरकाजी रोड पर सीएनजी गैस से भरे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद गैस रिसाव होने लगा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल यातायात रोककर दमकल और आपदा प्रबंधन टीम को मौके पर बुलाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
देहरादून में आंगनबाड़ी राशन गोदाम पर छापेमारी:
देहरादून जिलाधिकारी ने रुड़की में स्थित उस सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी की, जहां से गढ़वाल और कुमाऊं के आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन सप्लाई किया जाता है। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं।
गोदाम में बाल श्रम भी पाया गया, जिस पर गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। कई खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता और मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी तिथि भी संदिग्ध पाई गई।
रुद्रपुर में किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप:
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में होली के दिन एक किशोरी ने स्थानीय पार्षद के बेटे और उसके साथियों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के भाई और माता-पिता के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
देहरादून और कीर्तिनगर में होली पर मारपीट:
देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित होली कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया।
आरोप है कि कुछ युवकों ने दो युवकों के सिर पर कांच की बोतल मार दी और युवतियों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर कीर्तिनगर में होली के दिन हुई मारपीट के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
देहरादून में दहेज हत्या का मामला:
देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में नवविवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके पक्ष की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने नींद में सो रही पत्नी का मुंह कंबल से दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।
नैनीताल में 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त:
नैनीताल जिले में नियमों का उल्लंघन करने वाले 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण या अधूरे दस्तावेजों के होमस्टे संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूट्यूबर अनुराग डोभाल का वीडियो वायरल:
उत्तराखंड के चर्चित यूट्यूबर अनुराग डोभाल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों का जिक्र किया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस उन्हें काउंसलिंग के लिए संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
रुद्रपुर में कार टक्कर के बाद युवक पर हमला
उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में मारपीट और संदिग्ध मौतों की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में कार और गैस एजेंसी के वाहन की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने एक युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में जगतपुरा निवासी बाबी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक सूचना में फायरिंग की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में यह गलत पाई गई। ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि अभी तक लिखित तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार में दो संदिग्ध मौतों से हड़कंप
वहीं हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में सलेमपुर नहर किनारे एक 24 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक मूल रूप से शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था और बहादराबाद स्थित एक टायर फैक्ट्री में काम करता था।
वह बुधवार दोपहर घर से निकला था और देर शाम तक वापस नहीं लौटा। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। इंस्पेक्टर आशुतोष राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
इसी बीच पथरी थाना क्षेत्र के गांव डांडी में होली के दिन एक 40 वर्षीय मजदूर का शव ट्यूबवेल के कमरे में पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि शराब पीने को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।



