श्री दरबार साहिब में गूंजे जयकारे, श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगत के साथ दी लंगर सेवा

श्री दरबार साहिब में गूंजे जयकारे, श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगत के साथ दी लंगर सेवा

देहरादून। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध श्री झण्डे जी मेले की तैयारियों के साथ ही श्री दरबार साहिब परिसर में आध्यात्मिक उल्लास का माहौल दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है।

गुरुवार को दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों के साथ लंगर सेवा दी।

होली पर्व के उपरांत श्री दरबार साहिब की रौनक और भी बढ़ गई है। देश-विदेश से आने वाली संगतों के आगमन से परिसर भक्ति भाव से सराबोर होता जा रहा है। संगतों की बढ़ती संख्या के साथ मेले की चहल-पहल तेज हो गई है और पूरा वातावरण “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय-जयकार” से गुंजायमान होने लगा है।

इन दिनों श्री दरबार साहिब परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मेला बाजार में दुकानों की साज-सज्जा को लेकर दुकानदारों में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। मेले में लगने वाले आकर्षक झूले भी कारीगरों द्वारा अंतिम रूप से तैयार कर लिए गए हैं।

कुल मिलाकर श्री झण्डे जी मेले की रौनकों में चार चांद लगने लगे हैं और पूरा परिसर भक्ति, उल्लास और उत्सव के रंग में रंगता जा रहा है।

देश के विभिन्न हिस्सों, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखण्ड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान से श्रद्धालु गुरुवार देर शाम तक श्री दरबार साहिब पहुंचते रहे। मेला प्रबंधन समिति के अनुसार पवित्र श्री झण्डे जी (ध्वज दण्ड) के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में संगतें यहां पहुंचेंगी।

यह ऐतिहासिक और आस्था का महापर्व 26 मार्च 2026 को रामनवमी के पावन अवसर पर सम्पन्न होगा।
गुरुवार को नियमित पूजा-अर्चना के बाद श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन दिए और सभी राज्यवासियों व देशवासियों को श्री झण्डे जी मेले की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों और अधिकारियों को मेले की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।

मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्री दरबार साहिब के लंगर हॉल में संगतों के लिए लंगर प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। वर्तमान में संगतों की सेवा के लिए तीन बड़े लंगर लगातार चल रहे हैं, जहां दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया जा रहा है।

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि मेला स्थल पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम शुक्रवार से मेला अस्पताल में उपलब्ध रहेगी तथा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क दवाइयों की व्यवस्था भी की गई है। चिकित्सा सुविधा के लिए दो एम्बुलेंस भी तैनात रहेंगी।

अग्नि सुरक्षा के लिए मेला स्थल पर 25 फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं। साथ ही 35 वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड और लगभग 500 संगत स्वयंसेवक व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसी क्रम में शुक्रवार 6 मार्च 2026 को एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा निभाई जाएगी। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग से संगतें नए ध्वज दण्ड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब लेकर आएंगी।

श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में सुबह 7:30 बजे संगतें एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग से प्रस्थान करेंगी।

संगतें पवित्र ध्वज दण्ड को अपने कंधों पर उठाए टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर के सामने से होते हुए लाल पुल चौक पहुंचेंगी और वहां से मातावाला बाग मार्ग के रास्ते श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ श्री दरबार साहिब पहुंचेंगी। इस दौरान पूरा मार्ग “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय जयकार” से गूंज उठेगा।