बड़ी खबर: रुद्रपुर में पार्षद सौरभ बेहड़ पर जानलेवा हमला, दो नकाबपोश फरार

रुद्रपुर में पार्षद सौरभ बेहड़ पर जानलेवा हमला, दो नकाबपोश फरार

  • पुराने विवाद से जुड़ा मामला होने की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

रिपोर्ट- दिलीप अरोरा
रुद्रपुर। रविवार शाम रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किच्छा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ के छोटे पुत्र और वार्ड पार्षद सौरभ बेहड़ पर दो बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने अचानक हमला कर दिया।

यह घटना आवास विकास पुलिस चौकी के पास उस समय हुई, जब सौरभ किसी पुराने विवाद से जुड़े मामले में पंचायत के लिए जा रहे थे।

स्कूटी गिराकर किया बेरहमी से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही सौरभ बेहड़ चौकी के समीप पहुंचे, तभी बाइक से आए दो नकाबपोश युवकों ने उनकी स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया।

सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने उन पर लात-घूंसे और धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले में सौरभ को गंभीर चोटें आईं और वे सड़क पर तड़पते रहे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल सौरभ को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बाद में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से घायल की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस अधिकारियों को हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी पुराने विवाद से जुड़े तनाव का परिणाम माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

इलाके में दहशत और आक्रोश

दिनदहाड़े पार्षद पर हुए इस हमले से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।