इन क्षेत्रों में स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन दिन का अवकाश घोषित
- धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ विकासखंडों में 21 जनवरी तक लागू रहेगा आदेश
नैनीताल। जनपद नैनीताल के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव–वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। विकासखंड धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ में संचालित सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को 21 जनवरी 2026 तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि हाल के दिनों में इन क्षेत्रों में आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता से जुड़ी सूचनाएं लगातार प्राप्त हो रही हैं।
पर्वतीय और वन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बच्चों को विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने के लिए सुनसान रास्तों, पगडंडियों और जंगलों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत आदेश
बच्चों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार संबंधित विकासखंडों में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र 19 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक, कुल तीन दिनों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
किसी भी बच्चे को न बुलाने के निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी भी बच्चे को विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र नहीं बुलाया जाएगा। वन विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय कर स्थिति की लगातार समीक्षा की जाएगी। हालात सामान्य होने पर आगे के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।
मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि यह सूचना समय रहते सभी अभिभावकों तक पहुंचाई जाए तथा आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।



