अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उत्तराखंड का प्रांतीय अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उत्तराखंड का प्रांतीय अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न

ऋषिकेश। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उत्तराखंड का प्रांतीय अभ्यास वर्ग दिनांक 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को स्वामीनारायण आश्रम, मुनि की रेती (ऋषिकेश) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा संगठन मंत्र के सामूहिक गायन के साथ किया गया।

प्रांतीय अभ्यास वर्ग में कुल छः सत्रों का आयोजन किया गया। प्रथम सत्र में पदाधिकारियों का परिचय कराया गया तथा संगठन की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्र बहुगुणा जी द्वारा व्रत निवेदन लिया गया। द्वितीय सत्र में स्वामीनारायण आश्रम के परम आदरणीय स्वामी सुनील भगत का मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन प्राप्त हुआ।

देहरादून महानगर अध्यक्ष आलोक घिल्डियाल ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम एवं साइबर क्राइम विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। सुरेश आर्य ने रोजगार सृजन आयाम पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

विधि आयाम पर आदरणीय अमित भट्ट (विधि प्रमुख, उत्तराखंड), पर्यावरण आयाम पर कांति बल्लभ जोशी जी, तथा महिला जागरण विषय पर बहन श्रीमती सुभाषिनी द्विवेदी द्वारा सारगर्भित प्रस्तुतियां दी गईं।

प्रचार आयाम के अंतर्गत डॉ. भूपेंद्र गंगवार ने संगठन के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रांत कार्यवाह आदरणीय दिनेश सेमवाल ने कार्यकर्ता विषय पर प्रेरक उद्बोधन दिया। क्रियात्मक संबोधन में प्रांतीय सचिव राजपाल एवं राजपाल नेगी ने मार्गदर्शन प्रदान किया।

क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह ने अभ्यास वर्ग की भूमिका, आवश्यकता तथा “अभ्यास वर्ग क्यों” विषय पर विस्तृत विचार व्यक्त किए। पूर्व विभाग प्रचारक कल्याण जी ने संगठन की मूल भावना एवं रीति-नीति से सभी को अवगत कराया।

डॉ. मनोज रावत (उत्तराखंड संगठन मंत्री) ने उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों का परिचय कराते हुए उत्तराखंड में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला।

अंतिम सत्र में राष्ट्रीय संगठन मंत्री आदरणीय दिनकर सबनीश ने प्रेरणादायक मार्गदर्शन देते हुए अभ्यास वर्ग से प्राप्त सीखों को व्यवहार में उतारने पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रांत अध्यक्ष आदरणीय विनोद नौटियाल ने अध्यक्षीय संबोधन के साथ धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस प्रांतीय अभ्यास वर्ग में उत्तराखंड राज्य के सह सचिव राजेश मंजखोला, कु. प्रीति धीर, दीपक अंथवाल, चिरंजीव अवस्थी, शिवेन्द्र सहित विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।