बिग ब्रेकिंग: 8 हजार की घूस में फंसे उप कोषाधिकारी, विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा

8 हजार की घूस में फंसे उप कोषाधिकारी, विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा

देहरादून। उत्तराखंड के कोषागारों में भ्रष्टाचार के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं। नैनीताल के मुख्य कोषाधिकारी दिनेश राणा के घूसकांड के बाद अब पौड़ी जनपद के सतपुली ट्रेजरी कार्यालय में तैनात उप कोषाधिकारी कौशल कुमार विजिलेंस टीम के हत्थे चढ़ गए। गुरुवार को विजिलेंस ने उन्हें 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि नगर पालिका के डोर-टू-डोर कूड़ा उठान कार्य का 10 लाख रुपए का बिल पास कराने के लिए उप कोषाधिकारी ने 1 प्रतिशत राशि घूस में मांगी थी। सौदा 8 हजार रुपये में तय हुआ। विजिलेंस की प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाई गई और फिर जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के आवास की तलाशी भी शुरू कर दी है ताकि आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के अन्य सबूत भी जुटाए जा सकें।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेसन ने कहा कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है, तो नागरिक निर्भीक होकर शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए सतर्कता अधिष्ठान का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सऐप नंबर 9456592300 जारी किया गया है।