उत्तराखंड को मिला नया नक्शा, ऐसे करें डाउनलोड
रिपोर्ट- अमित भट्ट
देहरादून। वर्ष 2008 से अब तक उत्तराखंड में काफी कुछ बदल गया। रोड नेटवर्क ने विस्तार ले लिया और तमाम स्थलों को भी नई पहचान मिल गई। लेकिन, तमाम अपडेट को समाहित करने वाला उत्तराखंड का नक्शा नहीं बन पाया था। हालांकि, अब उत्तराखंड को अपडेट नक्शा मिल गया है।
देश में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लेकर राज्यों का नक्शा तैयार करने के लिए एकमात्र अधिकृत एजेंसी सर्वे आफ इंडिया ने उत्तराखंड का स्टेट मैप तैयार किया है।
यह स्टेट मैप का तृतीय संस्करण है और यह पूरी तरह अपडेट और 1:50,0000 (वन इज टु फाइव लाख) स्केल पर तैयार किया गया है। खबर के साथ नक्शा डाउनलोड करने का लिंक भी दिया जा रहा है।
https://surveyofindia.gov.in/webroot/UserFiles/files/UTTARAKHAND_3RD_EDN-2025.pdf हालांकि, इसका साइज बड़ा होने के चलते लैपटॉप या कंप्यूटर आदि में ही इसे डाउनलोड करने की सलाह है। डाउनलोडेड पीडीएफ फाइल को डेस्कटॉप पर सेव करने के बाद इसे बेहतर रेजोल्यूशन के साथ देखा जा सकता है।
सर्वे आफ इंडिया ने उत्तराखंड के स्टेट मैप का पहला संस्करण राज्य गठन के बाद वर्ष 2003 में जारी किया था। इसके बाद नक्शे का दूसरा संस्करण वर्ष 2008 में तैयार किया गया। इसके बाद लंबे समय से उत्तराखंड में अपडेट नक्शा नहीं मिल पाया था, जबकि इस अवधि में रोड नेटवर्क से लेकर बदलाव राज्य में नजर आए हैं।
लिहाजा, प्रदेश की ताजा तस्वीर के लिहाज से नया नक्शा बेहद कारगर साबित होगा। न सिर्फ इसका लाभ आमजन को मिलेगा, बल्कि शोधकर्ता, योजनाकार और पर्यटकों के लिए भी नया नक्शा मददगार साबित होगा।

सर्वेयर जनरल की देखरेख भी किया तैयार, निःशुल्क डाउनलोड की व्यवस्था
उत्तराखंड के स्टेट मैप का तीसरा संस्करण भारत के महासर्वेक्षक (सर्वेयर जनरल) हितेश कुमार एस मकवाना की देखरेख में तैयार किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस नक्शे में सर्वे आफ इंडिया से वेबसाइट www.surveyofindia.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकता है।
प्रदेश के अहम स्थलों की दूरी शामिल
उत्तराखंड के नए नक्शे में प्रदेश के अहम स्थलों की जानकारी उनकी दूरी उनके रूट के हिसाब से दी गई है। साथ ही स्थलों के नाम के लिए कोड भी दिए गए हैं।
इसके साथ ही प्रदेश की राजधानी, जिला और तहसील मुख्यालय समेत सभी प्रशासनिक इकाइयों और अन्य अहम जानकारी नक्शे से प्राप्त की जा सकती है।
नक्शे का 01 सेंटीमीटर धरातल पर होगा 05 किलोमीटर
उत्तराखंड का नया स्टेट मैप 1:500000 (वन इज टु फाइव लाख) के स्केल पर तैयार किया गया है। किसी भी नक्शे का स्केल यह बताता है कि नक्शे में जो दूरी एक स्थल से दूसरे स्थल की निकलकर आएगी, वह धरातल पर कितने मीटर या किलोमीटर की होगी।
वर्तमान नक्शे के स्केल के हिसाब से देखा जाए तो नक्शे का एक सेंटीमर धरातल पर पांच किलोमीटर का होगा। नक्शों के जानकार स्केल से नक्शे में दूरी का आकलन कर धरातल की दूरी निकाल सकते हैं।