दुःखद: रुद्रप्रयाग में प्रसव के बाद महिला की मौत

रुद्रप्रयाग में प्रसव के बाद महिला की मौत

 

रुद्रप्रयाग। पहाड़ो में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण एक और महिला ने बच्ची को जन्म देने के बाद दम तोड़ दिया। सरकार बेशक स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के जितने दावे करले, लेकिन लचर व्यवस्थाओं के चलते कई महिलाएं दम तोड़ चुकी है।

बता दें कि, जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में प्रसव के बाद रेफर की गई महिला की बेस अस्पताल में भर्ती होने के कुछ देर बाद ही मौत हो गई। परिजनों ने जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पर आरोप लगाया कि, महिला की बच्चेदानी कटने से अधिक रक्तस्राव हुआ, जिस कारण उसकी मौत हुई है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात किमाणा-दानकोट निवासी ज्योति देवी (28) पत्नी राजेश लाल को प्रसव के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। सुबह 05:30 बजे महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जिसके बाद उसे बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया।

परिजनों ने केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

पति राजेश लाल का कहना है कि, चिकित्सकों ने बच्चेदानी के कटने से अधिक रक्तस्राव होने की बात कही। उपचार के दौरान सुबह 9:30 बजे महिला की मौत हो गई।