हादसा: चर्चित अस्पताल में खड़ी एम्बुलेंस पर गिरा पेड़। अनहोनी होने से बची

चर्चित अस्पताल में खड़ी एम्बुलेंस पर गिरा पेड़। अनहोनी होने से बची

 

नैनीताल। उत्तराखंड में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां सुशीला तिवारी अस्पताल में शनिवार को एंबुलेंस पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। घटना से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं हादसे में एंबुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इतना ही नहीं पेड़ गिरने से बिजली के तार और पोल टूट गए है। जिससे अस्पताल परिसर सहित अन्य इलाकों को जाने वाली विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है।

बता दें कि, सुशीला तिवारी अस्पताल नैनीताल का बड़ा अस्पताल है। यह हमेशा मरीजों तीमारदारों से भरा रहता है। यहां आज दोपहर को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां कई दिनों से हो रही बरसात के चलते विशालकाय पेड़ की जड़े कमजोर हो गईं और पेड़ अचानक भरभरा कर खड़ी एंबुलेंस पर गिर गया। पेड़ गिरने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस किसी निजी संस्था की थी। जो किसी मरीज को लेकर यहां आई थी।

गनीमत रही कि, एंबुलेंस में कोई मरीज और चालक मौजूद नहीं था। सूचना के बाद मौके पर अस्पताल प्रशासन की टीम ने विद्युत विभाग को सूचना दी। जिसके बाद विद्युत विभाग की टीम लाइन को दुरुस्त करने में जुटी हुई है। वहीं बिजली के तार और खंभे टूट जाने से अस्पताल सहित कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। जिसे विद्युत विभाग ठीक करने में जुटा हुआ है।