दुःखद: आजतक के प्रसिद्ध एंकर रोहित सरदाना का निधन

आजतक के प्रसिद्ध एंकर रोहित सरदाना का निधन

आज तक चैनल के प्रसिद्ध एंकर रोहित सरदाना का हृदयाघात आने से निधन हो गया। वह कोरोना पॉजीटिव भी थे। बताया गया कि, उन्हें आज सुबह ही हृदयाघात आया। जिससे उनका आकस्मिक निधन हो गया। हालांकि चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के भरसक प्रयास किए और उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया, किंतु उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वह आज तक का लोकप्रिय शो ‘दंगल’ की एंकरिंग करते थे। वह अपने आत्मविश्वास और विशेष प्रतिभा के कारण बहुत पसंद किए जाते थे। उनके निधन से शोक की लहर छा गई और सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों के शोक संदेशों व संवेदनाओं की बड़ी संख्या में मैसेज आ रहे हैं। रोहित सरदाना वर्ष 2018 में गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं।

यह भी बता दें कि, अपनी मौत से एक दिन पूर्व 29 अप्रैल को उन्होंने ट्वीट कर एक महिला के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शनों की व्यवस्था करने की अपील की थी। 28 अप्रैल को भी उन्होंने लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की अपील की थी। इस तरह पत्रकारिता के साथ ही वह समाज सेवा के लिए भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करते थे।