गजब: ऊर्जा निगम के जे ई की दबंगई। महिला ने लगाया गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस

ऊर्जा निगम के जे ई की दबंगई। महिला ने लगाया गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट- सलमान मलिक
रूडकी में ऊर्जा निगम के अधिकारी किसी ना किसी मामले को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। खासतौर पर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ ऊर्जा निगम के अधिकारी अक्सर लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराते नज़र आते हैं। लेकिन इस बार उल्टा ऊर्जा निगम के जे ई पर एक महिला ने बदसलूकी करने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। महिला का आरोप है कि, वसूली के नाम पर ऊर्जा निगम के अधिकारी लोगों का शोषण करने में लगे हुए हैं। आलम ये है कि, बिजली चोरी के नाम पर मोटी रकम के जुर्माने भी वसूले जा रहे हैं। हैरत की बात तो तब हो गई जब ऊर्जा निगम के अधिकारी बिना अनुमति के ही एक मकान में घुस गए जिससे परिवार की महिलाओं में अफरातफरी मच गई। दरअसल ग्रीनपार्क कालोनी निवासी प्रमुख समाजसेवी तबरेज़ आलम के मुताबिक वो दोपहर के समय आज अपने भाई की पत्नी को डॉक्टर के यहां लेकर गए थे।

आरोप है कि, इसी बीच ऊर्जा निगम के जे ई सुनील कुमार अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पर पहुंचे और उनके कनेक्शन को काट दिया। जब परिवार की महिला ने इसका विरोध किया तो जे ई ने उसके साथ अभद्रता करते हुए धमकी तक दे डाली। इतना ही नहीं जे ई ने कनेक्शन काटते हुए उनकी पत्नी के साथ भी जमकर हाथापाई और बदसलूकी तक कर डाली।

तबरेज़ आलम का कहना है कि, बिजली कनेक्शन काटने से पहले विभाग से नोटिस जारी होता है, लेकिन जे ई ने आनन-फानन में उनका कनेक्शन काट दिया। उन्होंने कहा कि, पिछले एक साल से वो अपने गांव में ही रह रहे थे। लॉक डाउन में उनका घर भी बंद रहा है।

तबरेज़ आलम ने बताया कि, उनकी पत्नी अंजुम की ओर से गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। वहीं इस बाबत गंगनहर कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि, अंजुम की ओर से एक तहरीर आई है, जिसकी जांच की जा रही है।