गजब: नगर निगम क्षेत्र में खस्ताहाल सिंचाई नहरें, किसानों के लिए बना संकट

नगर निगम क्षेत्र में खस्ताहाल सिंचाई नहरें, किसानों के लिए बना संकट

रिपोर्ट- मनोज नौडियाल
कोटद्वार। नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी ने नगर निगम क्षेत्र में खस्ताहाल सिंचाई नहरों एंव गूलों की अभी तक मरम्मत न किये जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। बगैर सिंचाई की सुविधा दिये ही किसानों की आय कैसे दोगुना होगी। नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी ने प्रदेश के सिंचाई मंत्री को पत्र प्रेषित करते हुए कहा कि, वर्तमान में कोटद्वार भाबर में सिंचाई की नहरों एवं गूलों की स्थिति खस्ताहाल बनी हुई है। जीर्णक्षीण सिंचाई नहरों एवं गूलों से किसान अपने खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे है। आगामी एक दो माह में धान की बुआई एवं रोपाई का कार्य शुरू होने वाला है। लेकिन सिंचाई नहरों एवं गूलों की मरम्मत न होने से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर ने कहा कि, एक तरफ केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का सपना दिखा रही है। वहीं दूसरी ओर किसानों को सिंचाई के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। महापौर ने प्रदेश के सिचांई मंत्री से किसानों को राहत देने के लिए क्षतिग्रस्त सिंचाई नहरों एवं गूलों की तत्काल मरम्मत करने के लिए पर्याप्त मात्रा में धनराशि अवमुक्त करवाने की मांग की है। इसके अलावा महापौर ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से भी नगर क्षेत्र मे जलभराव की स्थिति से निपटने एवं वार्ड नं० 26 में कच्ची नाली से आ रहे पानी की निकासी के लिए सुखरो नदी में डालने की कार्ययोजना बनाने में सहयोग करने को कहा।