Big Breaking: उत्तराखंड में कोरोना का कोहराम लगातार जारी। आज 216 नए मामले। कुल आंकड़ा 716

उत्तराखंड में कोरोना का कोहराम लगातार जारी। आज 216 नए मामले। कुल आंकड़ा 716

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश में आज कोरोना का महाविस्फोट देखने को मिला हैं। क्योंकि प्रदेश में कोरोना ने एक ही दिन में दोहरा शतक मारते हुए आंकड़ा 716 पर पहुंचा दिया है। बता दें कि, आज कुल 216 कोरोना पॉजीटिव सामने आए हैं। रात्रि 8 बजे जारी हैल्थ बुलेटिन के अनुसार 114 मरीज सामने आए हैं। इससे पहले दोपहर दो बजे की हैल्थ बुलेटिन में प्रदेश में 102 पॉजीटिव मामले पाए गए थे। इस प्रकार आज दिनभर कुल 216 मामले पाए गए हैं। उत्तराखंड में आज अब तक का सबसे बड़ा कोरोना महाविस्फोट सामने आया है। 216 मामले एक दिन में पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मच गई है और प्रदेश सरकार की चिंता भी बढ़ गई है।आज शाम को पाए गए मामलों में सर्वाधिक 82 मामले नैनीताल जनपद से सामने आए हैं। इनमें दो लोग गुडग़ांव से लौटे हैं, जबकि 80 लोग गुरुग्राम से नई दिल्ली और वहां से रेलगाड़ी के जरिए फरीदाबाद होते हुए हल्द्वानी काठगोदाम पहुंचे हैं। इसके अलावा छह लोग अल्मोड़ा से पाए गए हैं। एक दिल्ली से, एक मुंबई से और चार लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री रिकार्ड में दर्ज नहीं है। चार लोग उत्तरकाशी जनपद से मिले हैं। इनमें एक मुरादाबाद से, एक नई दिल्ली से, एक मुंबई से और एक दिल्ली से लौटा है। इसके अलावा तीन लोग पौड़ी जनपद में पाए गए हैं। जिनमें एक का डाटा उपलब्ध नहीं है और दो लोग मुंबई से लौटे हैं। एक व्यक्ति हरिद्वार और एक ऊधमसिंहनगर जिले में पॉजीटिव पाया गया है।देहरादून से 17 लोग पॉजीटिव पाए गए हैं। इनमें दो मरीज एम्स में भर्ती हैं। दो लोग संक्रमितों के संपर्क में आने से पॉजीटिव हुए और एक नई दिल्ली से लौटा और एक व्यक्ति देहरादून सब्जी मंडी वेंडर के यहां काम करता है। यह प्राइवेट लैब में पॉजीटिव पाया गया है। इसके अलावा 11 अन्य लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री को खंगाला जा रहा है। बताते चलें कि, दोपहर के बुलेटिन में भी देहरादून जनपद से 54 लोग पॉजीटिव पाए गए थे। इस प्रकार अब उत्तराखंड में संक्रमितों का आंकड़ा 716 पहुंच गया है, जिनमें से 102 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। आज भी 13 लोग ठीक हुए हैं।