लॉकडाउन के चलते प्रदेश के जरूरतमंदों को आर्थिक मदद दे उत्तराखंड सरकार
देहरादून। प्रदेश के मजदूरों को दिल्ली सरकार की तर्ज पर आर्थिक मदद देने की अपील आज उत्तराखंड आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने की। उन्होंने कहा कि, लॉकडाउन के चलते मजदूरों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। लॉकडाउन के चलते दैनिक मजदूरों के साथ ही नाव चालकों, होटल-ढाबों, टैक्सी चालकों की स्थिति पर प्रदेश सरकार की ओर से विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

कलेर ने दिल्ली सरकार की तर्ज पर इन सभी वर्गों को आर्थिक सहायता देने की अपील की है। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों की समय सीमा को भी सशर्त बढ़ाने की भी अपील की है। उन्होंने बताया कि, पार्टी ने आम-जन की मदद के लिए चलाये जा रहे अभियान को और तेज कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ता प्रशासन के साथ तालमेल कर आमजन तक लगातार राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं।
ऑनलाइन ट्रेडिंग को बढ़ावा आम व्यापारियों को बेरोजगार करने के सामान
कलेर ने यह भी कहा कि, बीते कुछ दिन पूर्व सरकार ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से फ्रीज, टीवी, कूलर, मोबाइल, रेडीमेड गारमेंट की बिक्री की अनुमति दी थी। जिस आदेश का कुछ लोगों ने सम्मान भी किया है। लेकिन इस तरह के आदेश से सरकार ने आम व्यापारियों को बेरोजगार करने का काम किया है। बीते 2 माह से पूरे भारतवर्ष में हर गांव, शहर में छोटे बड़े दुकानदारों ने अपने शोरूम, गोडाउनो में जो माल सीजन में बिक्री हेतु स्टोर किया है। अब ऐसे में उसका क्या होगा? क्योंकि फ्रिज, कूलर, पंखे इत्यादि सीजनेबल आइटम है। सीजन निकल जाने के बाद इनकी बिक्री प्रायः बहुत कम हो जाती है। यदि ऑनलाइन ट्रेडिंग को बढ़ावा दिया जाएगा तो व्यापारी वर्ग एकदम कमजोर हो जाएगा।