शर्मसार: 10 वर्षीय नाबालिक के साथ दुष्कर्म

10 वर्षीय नाबालिक के साथ दुष्कर्म

देहरादून। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में आज मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने अपने पति पर उनकी रिश्तेदार की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। यही नहीं महिला का आरोप था कि, सास ने भी इस काम में पति का साथ दिया। इस पर पुलिस ने मां-बेटे पर मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता चमोली गढ़वाल की रहने वाली है।

डालनवाला कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि, क्षेत्र में एक युवक टैक्सी चलाने का काम करता है। वह अपनी मां, पत्नी के साथ रहता है। युवक के साथ उसकी पत्नी के भाई की लड़की (10) रहती है, जो कक्षा तीन की छात्रा है। युवक की पत्नी ने आराघर चौकी में तहरीर दी है। तहरीर में महिला ने बताया कि, 15 अप्रैल की सुबह वह सब्जी लेने बाजार गई थी। घर में उसकी भतीजी, पति और सास थे। आरोप लगाया कि, पति ने उसकी रिश्तेदार की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

धमकी से सहमी पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई। 17 अप्रैल को पीड़िता ने परिजनों को इस बारे में बताया। महिला का आरोप है कि, बच्ची ने इसका विरोध किया और उसकी सास ने कमरे में कुंडी लगा दी। महिला ने पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि, मां-बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।