सरकार को लाॅकडाउन से पूर्व करनी चाहिए थी सभी प्रकार की व्यवस्थायें सुनिश्चित: प्रीतम

सरकार को लाॅकडाउन से पूर्व करनी चाहिए थी सभी प्रकार की व्यवस्थायें सुनिश्चित

देहरादून। कोरोना महामारी के चलते जरूरतमंदों की सहायता तथा विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक खाद्यान्न एवं सुरक्षा सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में वरिष्ठ कांग्रेसजनों की एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेसजनों द्वारा प्रदेश भर में गरीब व जरूरतमंद परिवारों के लिए चलाये जा रहे सहायता अभियान की जानकारी ली। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिये।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाई जा रही खाद्यान्न सामग्री, सेनिटाइजर एंव मास्क आदि आवश्यक सामग्री का विवरण दिया गया। जिसके क्रम में अध्यक्ष प्रीतम ने कहा कि, इस आपदा की घडी में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश की गरीब जनता व मजदूर वर्ग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खडें है। प्रीतम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि, वे अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंदों को खाद्यान्न एवं अन्य जरूरत की सामग्री उपलब्ध करायें।

उन्होंने यह भी कहा कि, मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कराई जा रही सहायता से अवगत कराया जा रहा है। मैं उन सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अभार व्यक्त करता हूँ, जो इस आपदा में जरूरतमंदों की सहायता में रात दिन जुटे हुए हैं। प्रीतम ने जिलाधिकारी देहरादून से भी दूरभाष पर वार्ता कर कोरोना की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

प्रीतम ने यह भी कहा कि, कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनियां गांधी के वक्तव्य का स्वागत करते हैं। जिसमें उन्होंने कहा कि, सरकार को लाॅकडाउन से पूर्व सभी प्रकार की व्यवस्थायें सुनिश्चित करनी चाहिए थी। यदि सरकार द्वारा समय रहते व्यवस्थायें की जाती तो ऐसी स्थिति में विभिन्न क्षेत्रों में फंसे मजदूरों को अपने घर तक पहुंचने का समय मिल जाता तथा मजदूरों के पलायन के कारण आज जो स्थिति पैदा हो रही है उससे बचा जा सकता था।

बैठक में प्रदेश के संगठन महामंत्री विजय सारस्वत, महामंत्री राजेन्द्र शाह, पूर्व मंत्री अजय सिंह, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, प्रवक्ता गरिमा दसौनी, प्रदेश सचिव कमरखान ताबी, युवा कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संदीप चमोली, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र नेगी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।